बजट सत्र छोड़कर दिल्ली पहुंचे नेता प्रतिपक्ष जयराम गृह मंत्री से की शिष्टाचार भेंट

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र बीच में छोड़कर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर कल अचानक दिल्ली रवाना हो गए। दिल्ली पहुंचने पर देर रात को वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से मिले। हालांकि दोनों नेताओं से उनकी यह शिष्टाचार भेंट थी। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पार्टी के दोनों वरिष्ठ नेताओं से प्रदेश में भाजपा के संगठनात्मक चुनाव पर चर्चा की। इस दौरान जयराम ठाकुर ने दोनों नेताओं को प्रदेश में चल रहे विधानसभा के बजट सत्र की भी फीडबैक दी। इसमें उन्होंने सरकार और संगठन के कार्य की जानकारी दी।


बता दें कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप का कार्यकाल इस साल जनवरी में पूरा हो चुका है। ऐसे में अब पार्टी में प्रदेश के नए अध्यक्ष की तलाश चल रही है। इसी सिलसिले में जयराम ठाकुर कल दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मिले और संगठनात्मक चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा की। पार्टी में नए अध्यक्ष की तलाश इसीलिए भी जारी है, क्योंकि पार्टी अगर सुरेश कश्यप को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए शिमला संसदीय सीट से प्रत्याशी घोषित करती है तो उनका अध्यक्ष पद से हटना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *